निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर 25 वर्षीय राष्ट्रीय तैराक मुकेश गुप्ता ने पानी से भरे कांच के एक्वेरियम में लगातार 30 घंटे बिताने की बेहद कठिन चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे मुंह में बांस की नली (ऑक्सीजन के लिए) लगाकर पानी में उतरे मुकेश शनिवार शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही बाहर आए, घाट पर मौजूद भारी भीड़ 'मुकेश-मुकेश' के नारों से गूंज उठी। इस ऐतिहासिक पल की गवाह उनकी मां भी बनीं, जो लगातार वहां डटी रहीं।
हावड़ा जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप, पूर्व में लगा चुके हैं ऊंची छलांग
पानी से बाहर आने के तुरंत बाद मौके पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने एम्बुलेंस के जरिए मुकेश को मेडिकल चेकअप के लिए हावड़ा जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में बातचीत के दौरान मुकेश ने बताया कि उनका एकमात्र मकसद अपने नाम नए रिकॉर्ड दर्ज करना है। इससे पहले वे 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में 4 घंटे में 11 हजार से अधिक डुबकियां लगाने का कारनामा दर्ज करा चुके हैं। इसके अलावा, वे हावड़ा ब्रिज, विद्यासागर सेतु और बाली ब्रिज जैसे पश्चिम बंगाल के सबसे ऊंचे पुलों से भी नदी में छलांग लगा चुके हैं।
सरकार से वाटर एडवेंचर योजना की अपील
मुकेश ने स्वीकार किया कि पानी के भीतर इतने लंबे समय तक रहने के दौरान उन्हें कुछ शारीरिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन नियमित अभ्यास (प्रैक्टिस) की वजह से यह संभव हो पाया। उन्होंने मलाल जताते हुए कहा कि पिछली सरकार से उन्हें कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने मौजूदा सरकार से अपील की कि राज्य में 'वाटर एडवेंचर' को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएं ताकि प्रतिभावान खिलाड़ियों को सही मंच मिल सके।