घटना को लेकर जानकारी देते हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस एसपी अमित वर्मा 
टॉप न्यूज़

साइबर ठगों ने हावड़ा की छात्रा को बनाया निशाना, न्यू मार्केट के होटल से बरामद

परिवार से की गई थी फिरौती की मांग

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए 11वीं कक्षा की छात्रा को साइबर अपराधियों द्वारा अपने जाल में फंसाये जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अपराधियों ने छात्रा के मोबाइल फोन पर नियंत्रण हासिल कर उसके परिवार से तीन लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गयी। हालांकि, जगतबल्लभपुर थाने की पुलिस ने बुधवार की रात कोलकाता के न्यू मार्केट थाना इलाके के एक होटल से छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया।

इंस्टाग्राम पर संपर्क कर विदेश में पढ़ाई का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार, जगतबल्लभपुर के शंकरहाटी नंबर-2 की रहने वाली छात्रा से साइबर अपराधियों ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया था। उसे विदेश में पढ़ाई कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर कोलकाता बुलाया गया। 7 सितंबर को छात्रा स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी और फिर नहीं लौटी। उसके पास आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज भी थे। परिवार ने उसी दिन जगतबल्लभपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी। जांच में पता चला कि छात्रा ने कुछ स्थानीय दोस्तों से रुपये उधार लिये और बस से धर्मतल्ला पहुंची। वहां से वह न्यू मार्केट इलाके के उस होटल में गयी, जिसे कथित तौर पर साइबर अपराधियों ने पहले से बुक कराया था। छात्रा वहां अकेली ठहरी हुई थी।

फोन नंबर ट्रैक कर होटल तक पहुंची पुलिस

फिरौती की मांग सामने आने के बाद हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस एसपी अमित वर्मा ने बताया कि जिला साइबर सेल और वरिष्ठ अधिकारियों ने मिली शिकायत पर जांच तेज करते हुए राज्य पुलिस की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को भी जांच में शामिल किया। साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे मोबाइल नंबरों को ट्रैक करते हुए पुलिस होटल तक पहुंची और छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के शामिल होने का संदेह है। गिरोह के बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश या हरियाणा से संचालित होने की आशंका जतायी जा रही है। जगतबल्लभपुर थाने में अपहरण, फिरौती और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हावड़ा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने बताया कि छात्रा सुरक्षित है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT