निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: स्वतंत्रता दिवस से पहले हावड़ा स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार समेत यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
स्निफर डॉग और मेटल डिटेक्टर से जांच
संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने स्निफर डॉग और मेटल डिटेक्टर की मदद से यात्रियों के सामान और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी गई। सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी एक्सप्रेस समेत महत्वपूर्ण ट्रेनों और उनके प्लेटफॉर्म पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधि या लावारिस सामान मिलने पर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
हावड़ा ब्रिज और द्वितीय हुगली सेतु पर भी नाका
रेलवे स्टेशन के अलावा हावड़ा ब्रिज और द्वितीय हुगली सेतु पर भी नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय बनाकर काम कर रही हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।