शिवपुर में जलजमाव के बीच लोगों के बीच राहत सामग्री पहुंचाते विधायक रुद्रनील घोष 
टॉप न्यूज़

हावड़ा में जलजमाव के बीच निगम की राहत भरी पहल

प्रभावित इलाकों में टेंट, खिचड़ी और सूखा राशन वितरित संकट की घड़ी में लोगों तक पहुंची मदद, शिवपुर के जलमग्न वार्डों में राहत कार्य तेज   

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : लगातार बारिश के कारण हावड़ा के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, खासकर शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के 47, 49 और 50 नंबर वार्ड समेत कई निचले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में हावड़ा नगर निगम की ओर से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की पहल की गई है। शुक्रवार व शनिवार को भी जलजमाव वाले विभिन्न इलाकों में सूखा राशन वितरित किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए टेंट और खिचड़ी की भी व्यवस्था की गई। बारिश और जलजमाव के बीच राहत सामग्री मिलने से स्थानीय लोगों को काफी सहारा मिला है। निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार लोगों तक सहायता पहुंचा रही है।

जल निकासी, सड़क और पेयजल व्यवस्था सुधारने की तैयारी

शिवपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी, खराब सड़कों और पेयजल जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू किया गया है। शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष ने बताया कि निकासी व्यवस्था, सड़क मरम्मत, नालियों, पेयजल, वेट और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं के समाधान की योजना तैयार की जा रही है। कई स्थानों पर काम शुरू भी हो चुका है। बारिश का प्रकोप कम होने और जलस्तर घटने के बाद सड़क मरम्मत तथा निकासी व्यवस्था से जुड़े कार्यों में तेजी लाने की तैयारी है। पूजा से पहले कई जरूरी कार्य पूरे करने का लक्ष्य है जबकि शेष कार्य पूजा के बाद आगे बढ़ाए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की ओर से भी प्रभावित परिवारों की मदद की जा रही है। बारिश के कारण पैदा हुई तत्काल समस्या से निपटने के साथ-साथ स्थायी समाधान पर जोर दिया जा रहा है। लंबे समय से चली आ रही नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर करने की कोशिश के बीच राहत कार्य से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिलने लगी है।

SCROLL FOR NEXT