निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंदिरतला बस स्टैंड के पास तैयार की जा रही मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर स्थानीय मूर्तिकार दुकान में मूर्तियां तैयार करने के काम में जुटे हुए थे। रात के समय काम समाप्त कर मूर्तिकार दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुकान में प्रवेश कर मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया।
मूर्तिकार अचिंत्य और वहां काम करने वाले कर्मियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां मूर्तियां क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। इसके बाद स्थिति को संभालते हुए मूर्तियों को तुरंत वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। हावड़ा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 'साहब राज सिंह' नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि यह कृत्य किसी व्यक्तिगत विवाद के कारण किया गया है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी और जांच कर रही है।