इस शहीद बेदी को लेकर हुआ विवाद  REP
टॉप न्यूज़

हार्ट ऑफ हावड़ा में झंडे को लेकर सीपीएम और बीजेपी आमने-सामने !

शिवपुर में तनाव के बाद पुलिस बल तैनात

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के शिवपुर रोड स्थित शिवपुर बाजार में कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के शहीद बेदी स्थल पर झंडा हटाने को लेकर सीपीएम और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। 5 सितंबर को स्वतंत्रता सेनानी कॉमरेड जीवन माइती के शहीद स्मरण दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान यह विवाद शुरू हुआ।

विवाद का मुख्य कारण और आरोप

बीजेपी के मध्य हावड़ा मंडल-4 के अध्यक्ष शुभ्रदीप दत्ता का आरोप है कि सीपीएम कार्यकर्ताओं ने शहीद बेदी के पास लगे बीजेपी के झंडे को उखाड़कर अपमानित किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध जुलूस निकाला और सीपीएम दफ्तर के बाहर नारेबाजी की। दूसरी ओर, सीपीएम के जिला कमेटी सदस्य और पूर्व मेयर परिषद सदस्य इम्तियाज अहमद ने पलटवार करते हुए कहा कि करीब 100 बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रात में उनके कार्यालय पर धावा बोलकर शहीद बेदी से सीपीएम के झंडे हटा दिए और अपने झंडे लगा दिए।

पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

तनाव बढ़ता देख पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सीपीएम नेताओं का कहना है कि उन्होंने हटाए गए बीजेपी के झंडों को शिवपुर थाने में जमा करा दिया है। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक सीपीएम दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस घटना के विरोध में बीजेपी ने शनिवार शाम सीपीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन सभा बुलाई है, जिससे इलाके में तनाव बरकरार है।

SCROLL FOR NEXT