फाइल फोटो REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा के ऐतिहासिक शरत सदन की बुकिंग अब ऑनलाइन, कलाकारों में खुशी की लहर

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के निवासियों और सांस्कृतिक संगठनों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों के लिए ऐतिहासिक 'शरत सदन' की बुकिंग कराना बेहद आसान हो गया है। प्रशासन ने पूरी बुकिंग प्रक्रिया को डिजिटल बनाते हुए ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है, जिससे अब लोगों को कार्यालय के चक्कर काटने या लंबी लाइनों में खड़े होने से मुक्ति मिलेगी।

पोर्टल लॉन्च, घर बैठे मिलेगी सुविधा

हावड़ा नगर निगम की आयुक्त तेजस्वी राणा ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। अब शरत सदन का मुख्य ऑडिटोरियम (हॉल) और सेमिनार रूम दोनों ही डिजिटल माध्यम से बुक किए जा सकते हैं। आयोजक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से 'Saratsadanbooking.in' पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी तारीखें और हॉल रिजर्व कर सकते हैं।

पारदर्शिता से सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

इस ऑनलाइन बुकिंग सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के कलाकारों, नाट्य संस्थाओं और सांस्कृतिक निकायों में भारी उत्साह है। स्थानीय कलाकारों का मानना है कि इस कदम से न केवल उनके समय और धन की बचत होगी, बल्कि बुकिंग आवंटन में पूरी निष्पक्षता बनी रहेगी। इस डिजिटल पहल से हावड़ा शहर में सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT