निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस ने क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान छात्र सौजन्य माझी को एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में असाधारण प्रदर्शन करने वाले सौजन्य को पुलिस प्रशासन की ओर से शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सौजन्य माझी ने अपनी विलक्षण प्रतिभा के बल पर कई प्रतिष्ठित उपलब्धियां हासिल की हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्पेस साइंस प्रतियोगिता (2025) के विजेता रहे हैं। इसके अलावा, गणित और विज्ञान के क्षेत्र में अपनी दक्षता साबित करते हुए उन्होंने आर्यभट्ट राष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल की है।
उनकी इस प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली है। सौजन्य के नाम 'हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड' और वर्ष 2024 का 'कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड' भी दर्ज है। उनकी इन बहुआयामी सफलताओं ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हावड़ा जिले को गौरवान्वित किया है। हावड़ा ग्रामीण पुलिस ने सौजन्य को युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।