सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा : ऑटो पलटने से महिला की मौत, घुसुड़ी में छात्र घायल

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के उलूबेड़िया अंतर्गत श्यामपुर-बागनान मार्ग के मोहनपुर इलाके में गुरुवार की सुबह एक भयानक हादसा हो गया। बागनान के हाल्यान की रहने वाली 45 वर्षीय आनोयारा बेगम ऑटो में सवार होकर अपने दामाद के घर देही मंडलघाट एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। यात्रा के दौरान ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। आनोयारा बेगम ऑटो के नीचे दब गईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी जान चली गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया, जिससे मार्ग पर काफी देर यातायात बाधित रहा।

दामाद के घर धार्मिक कार्यक्रम में जा रही महिला की मौत

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जाम हटवाया। पुलिस ने ऑटो जब्त कर लिया है। दूसरी ओर हावड़ा के व्यस्ततम घुसुड़ी इलाके में गिरीश घोष रोड की खस्ताहाल स्थिति के कारण एक और हादसा सामने आया। सुबह एक निजी स्कूल के सामने बच्चे और अभिभावक को ले जा रहा टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक छात्र घायल हो गया। मौके पर सिविक वॉलेंटियर के मौजूद होने के बावजूद जर्जर सड़क के कारण इस घटना को टाला नहीं जा सका। स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने अविलंब सड़क को ठीक करने की मांग की।

SCROLL FOR NEXT