निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: आम लोगों के खोए हुए सामान और साइबर ठगी के जरिए गंवाई गई रकम को वापस दिलाने की दिशा में हावड़ा सिटी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। लिलुआ थाना की ओर से विशेष संपत्ति बहाली कार्यक्रम आयोजित कर बरामद किए गए मोबाइल फोन और नकदी उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक खोजे गए 43 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए गए।
43 खोए मोबाइल और 1.43 लाख रुपये पीड़ितों को लौटाए गए
इसके अलावा वित्तीय धोखाधड़ी और चोरी के विभिन्न मामलों में पीड़ितों के कुल 1,43,783 रुपये भी बरामद कर उन्हें लौटा दिए गए। कार्यक्रम में हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी, नॉर्थ डिविजन और एसीपी, नॉर्थ डिविजन-1 भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संपत्ति वापस पाने वाले लोगों से बातचीत भी की। पुलिस के अनुसार, मोबाइल चोरी या गुम होने और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से संपत्ति तथा रकम को बरामद किया गया। बरामद सामान और धनराशि को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वास्तविक पीड़ितों को सौंपा गया।