हावड़ा स्टेशन संलग्न इलाके में अभियान चलाती हावड़ा सिटी पुलिस 
टॉप न्यूज़

हावड़ा स्टेशन पर 'ऑपरेशन आनंद' का कड़ा पहरा

मानव तस्करी रोकने और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष गश्त

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा सिटी पुलिस ने हावड़ा स्टेशन और उसके आसपास के अति-संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 'ऑपरेशन आनंद' के तहत विशेष अभियान तेज कर दिया है। डीसीपी नॉर्थ और एसीपी नॉर्थ के प्रत्यक्ष नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कमजोर वर्गों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों पर लगाम लगाना है।

असुरक्षित बच्चों की पहचान और त्वरित सहायता

हावड़ा स्टेशन देश के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में से एक है, जहाँ हर रोज लाखों यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में पुलिस टीमें भटक गए, गुमशुदा या असहाय बच्चों की पहचान करने में जुटी हैं। प्राथमिक उद्देश्य इन बच्चों को तुरंत सुरक्षा और संरक्षण प्रदान करना और प्रक्रिया पूरी कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुँचाना है।

मानव तस्करी पर नकेल और बढ़ी गश्त

स्टेशन परिसर और उससे सटे इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर पुलिस की बारीक नजर है। मानव तस्करी की किसी भी कोशिश को शुरुआती स्तर पर ही नाकाम करने के लिए अतिरिक्त पुलिस गश्त तैनात की गई है। हावड़ा सिटी पुलिस के अनुसार, यात्रियों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण तैयार करना और अपराधों पर अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

SCROLL FOR NEXT