निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत हावड़ा सिटी पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के पंजाब लाइन स्थित 24/1 बस स्टैंड के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से तीन इम्प्रोवाइज्ड कंट्री-मेड सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, चार मैगजीन और 18 राउंड कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सभी हथियार लोहे से बने हैं और प्रत्येक की लंबाई करीब 20 सेंटीमीटर है। बरामद कारतूसों के परकशन कैप पर ‘KF 7.65’ की मार्किंग मिली है।
गोलाबाड़ी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय मोहम्मद अहसान यूसुफ और 45 वर्षीय अबुल हसन उर्फ नाटा के रूप में हुई है। अहसान यूसुफ गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र के नंदा घोष रोड का निवासी बताया गया है, जबकि अबुल हसन उर्फ नाटा पिलखाना इलाके के मदरतला लेन का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों को मौके से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में गोलाबाड़ी थाने में विशेष केस दर्ज किया गया है।
हथियारों के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार और कारतूस आरोपियों तक कहां से पहुंचे थे और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों का किसी बड़े अवैध हथियार गिरोह से संबंध है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।