दिव्यांग बच्चों के लिए खोला गया एक्टिविटी सेंटर REP
टॉप न्यूज़

हावड़ा में मिसाल: बंद टीएमसी पार्टी ऑफिस बना दिव्यांग बच्चों के लिए सहारा

संचालित हो रहा एक्टिविटी सेंटर

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दक्षिण हावड़ा के दानेश शेख लेन में सरकारी जमीन पर बना तृणमूल कांग्रेस का एक बंद पार्टी ऑफिस अब राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता का केंद्र बन चुका है। स्थानीय भाजपा नेताओं के सहयोग से इस स्थान को दिव्यांग बच्चों के लिए एक एक्टिविटी सेंटर के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है।

दिवंगत बेटे की स्मृति में माता-पिता की अनुठी पहल

इस प्रेरणादायक पहल की शुरुआत स्थानीय निवासी समीर कर्मकार और उनकी पत्नी तनुश्री देवी ने की। अक्टूबर 2024 में अपने 14 वर्षीय दिव्यांग बेटे सान्निध्य को खोने के बाद, दंपत्ति ने अपने दुख को अन्य दिव्यांग बच्चों की सेवा में बदलने का संकल्प लिया। वर्तमान में इस सेंटर में लगभग 65 बच्चों के लिए सप्ताह में चार दिन योग और वोकल थेरेपी की मुफ्त कक्षाएं चलाई जा रही हैं।

'प्रतिबंधी उन्नयन मेला' से जुटाई जा रही सहायता राशि

बच्चों की बेहतर थेरेपी और आवश्यक सुविधाओं के लिए 15 अगस्त से 15 सितंबर तक शाम 5:30 से रात 9:30 बजे तक 'प्रतिबंधी उन्नयन मेला' आयोजित किया गया है। मेले के स्टॉल और टिकट बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग स्पेशल चेयर, मैट, स्पीच थेरेपी और स्पेशल एजुकेटर की व्यवस्था में किया जाएगा। मेले के मंच पर बच्चे रोज़ नृत्य, संगीत और चित्रकला प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT