निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के पांचला थाना इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक ट्रक चालक से कथित तौर पर पैसे (घूस) लेने के आरोप में एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और एक कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह त्वरित कार्रवाई की। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को ड्रमों में पोना मछली के अंडे लादकर एक ट्रक पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम की ओर जा रहा था। पांचला इलाके में ड्यूटी पर तैनात उक्त दोनों पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोका और चालक से रुपयों की मांग की। इसी दौरान ट्रक में सवार किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में ट्रक सवार लोग यह कहते सुने जा रहे हैं कि वे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के क्षेत्र (नंदीग्राम) के निवासी हैं और उनके साथ हुआ यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
एसपी वीडियो सामने आने के बाद हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के अधीक्षक (SP) अमित वर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों को निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा, "अनैतिक कार्यों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी और पेशेवर रवैया बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।" उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी किसी भी शिकायत के लिए हावड़ा ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9147888245 पर संपर्क कर सकते हैं।