निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के लिलुआ की घटना के बाद अब निश्चिंदा थाना क्षेत्र के क्रिश्चियन पाड़ा इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। श्याओड़ापोता खाल (नहर) में तैरता हुआ शव देखने के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय श्रीराम स्वर्णकार के रूप में हुई है।
पुलिस ने नहर से निकाला शव
घटना की सूचना मिलते ही निश्चिंदा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को खाल से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या हमले के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को लिलुआ इलाके से भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था।