दमयंती का फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

राष्ट्रीय ट्रायल से पहले हावड़ा की राइफल शूटर रहस्यमय ढंग से लापता

घर से दुकान जाने के लिए निकली, फिर नहीं लौटी

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : मध्य हावड़ा के उमाचरण भट्टाचार्य लेन की निवासी और राज्य स्तर की 15 वर्षीय राइफल शूटर दमयंती सेन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। गुरुवार की सुबह वह घर से दूध और अन्य सामान खरीदने के लिए निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बेटी का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवारवाले चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से दमयंती को जल्द से जल्द ढूंढ निकालने की अपील की है। मिली जानकारी के अनुसार दमयंती पूर्व ओलंपिक शूटर जयदीप कर्मकार की शिष्या है। लापता होने से पहले भी दमयंती ने उनके पास अभ्यास किया था। राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप के मैच और राष्ट्रीय टीम के ट्रायल से ठीक पहले खिलाड़ी के लापता होने से इलाके के लोगों के साथ खेल जगत भी स्तब्ध है।

आखिरी बार उसे हुगली के श्रीरामपुर स्टेशन पर देखा गया

हावड़ा पुलिस ने बताया कि दमयंती की तलाश शुरू कर दी गयी है। उसे हावड़ा स्टेशन और फिर आखिरी बार हुगली के श्रीरामपुर स्टेशन पर देखा गया था लेकिन वह कहां गई, यह अभी साफ नहीं है। दूसरी ओर उसके लापता होने के कारणों को लेकर विरोधाभास सामने आया है। पिता ध्रुवज्योति सेन के अनुसार घर में कोई तनाव नहीं था और दमयंती का मोबाइल भी घर पर ही है। वहीं सूत्रों के मुताबिक, एक रात पहले मोबाइल देखने को लेकर माता-पिता से उसकी कहासुनी हुई थी। पीड़ित परिवार ने हावड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पिता ध्रुवज्योति सेन का कहना है कि उनकी बेटी राइफल शूटिंग की उभरती हुई खिलाड़ी है और उसे राष्ट्रीय टीम के ट्रायल में हिस्सा लेने का अवसर मिला था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT