निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के राजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करातबेड़िया इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। रविवार शाम को अपने घर से अचानक लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर के पास स्थित एक तालाब से बरामद किया गया। रविवार को परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने राजापुर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उलूबेड़िया शरत चंद्र चट्टोपाध्याय गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्राथमिक स्तर पर पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारी इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रहे हैं कि क्या किशोरी की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को तालाब में फेंका गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।