निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : प्रशासन की सख्ती के बाद हावड़ा के प्रमुख जीटी रोड से टोटो की आवाजाही काफी हद तक कम हो गई है। काजीपाड़ा मोड़, मल्लिक फाटक, बंगबासी मोड़ और हावड़ा मैदान इलाके में अब केवल गिने-चुने टोटो ही दिखाई दे रहे हैं। परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुसार, जीटी रोड को टोटो-मुक्त रखा जा रहा है और इन्हें केवल गलियों में चलने की अनुमति दी गई है। हालांकि इसका प्रभाव हावड़ा में कुछ और भी जगहों पर अलग तरह का पड़ने लगा है। आरोप है कि जीटी रोड से हटने के बाद टोटो चालकों ने मंगलाहाट के नित्याधन मुखर्जी रोड पर अपना अस्थायी स्टैंड बना लिया है। बंगबासी मोड़ से लेकर हावड़ा थाना तक सड़क पर कतारबद्ध टोटो खड़े रहने के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। इस स्थिति से दूर-दराज के जिलों और दूसरे राज्यों से खरीदारी करने आने वाले व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यवसायियों की शिकायतों पर पुलिस ने दिया आश्वासन
मई महीने में फुटपाथ खाली कराने के अभियान के तहत समवायिका हाट और मॉडर्न हाट के नीचे बैठने वाले 225 व्यापारियों को हटा दिया गया था। पिछले 40 से अधिक वर्षों से व्यवसाय कर रहे इन दुकानदारों को स्थायी जगह देने का कोई आश्वासन नहीं मिला है। अब उन्हें केवल रविवार और सोमवार की रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक सीमित समय के लिए ही व्यापार करने की अनुमति मिल रही है। इस मामले में मंगलाहाट व्यापारी समिति (सेंट्रल) के अध्यक्ष मलय दत्त ने सवाल उठाया कि जब व्यापारियों को फुटपाथ से हटा दिया गया, तो उसी जगह टोटो स्टैंड बनाने का क्या औचित्य है? प्रशासन को गरीब व्यापारियों की रोजी-रोटी पर ध्यान देना चाहिए। दूसरी ओर, ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जीटी रोड को टोटो-मुक्त रखने के साथ-साथ यह भी देखा जा रहा है कि मंगलाहाट के व्यापारियों को कोई असुविधा न हो और यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए टोटो को एक निश्चित स्थान दिया जा सके।