निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के कदमतला में चीनी और सब्जियों की बढ़ती कीमतों को लेकर मंगलवार को जिला एनफोर्समेंट ब्रांच (डीईबी) और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। अधिकारियों ने पहले इलाके के एक चीनी गोदाम पर छापा मारकर खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की, इसके बाद कदमतला सब्जी बाजार पहुंचकर विभिन्न वस्तुओं के दामों का जायजा लिया। फिलहाल बाजार में गुणवत्ता के अनुसार चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। गोदाम कर्मचारियों ने अधिकारियों को बताया कि वे करीब 62 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी खरीदते हैं और प्रति बोरी 30 से 35 रुपये का लाभ लेकर बेचते हैं।
बढ़ती कीमतों पर डीईबी और पुलिस का संयुक्त अभियान
डीईबी की इंस्पेक्टर श्रावणी राय ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें और न बढ़ें, इसे ध्यान में रखकर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चीनी के आयात मूल्य में वृद्धि का असर खुदरा बाजार पर पड़ा है। सब्जी बाजार में अधिकारियों ने विक्रेताओं से कीमतों की जानकारी ली और तराजू में गड़बड़ी या ग्राहकों को कम सामान देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। बताया गया कि विक्रेता आमतौर पर प्रति किलो 2 से 10 रुपये तक का लाभ लेते हैं। हावड़ा सिटी पुलिस के डीसी सेंट्रल तौसिफ अली अजहर ने कहा कि चीनी की कीमत और आपूर्ति, दोनों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।