निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा के शिवपुर विधानसभा के बैंटरा स्थित कदमतला बाजार इलाके में पिछले 15-20 वर्षों में आबादी और वाहनों की संख्या तो काफी बढ़ी है, लेकिन सड़कों का चौड़ीकरण उस अनुपात में नहीं हो सका। इसके परिणामस्वरूप यहां रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम और आम जनजीवन में भारी असुविधा की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान और बाजार को नए सिरे से सजाने के लिए स्थानीय प्रशासन ने व्यापक योजना बनाई है। शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष और हावड़ा नगर निगम की आयुक्त तेजस्वी राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कदमतला बाजार का धरातलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलाके की सड़कों, जल निकासी व्यवस्था , स्ट्रीट लाइट और पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया।
दुकानदारों को मिला पुनर्वासन का आश्वासन
अधिकारियों ने नक्शे के जरिए उन स्थानों को चिह्नित किया जहां सड़कें संकरी हो गई हैं या जहां जलजमाव और अवैध पार्किंग की वजह से यातायात प्रभावित होता है। विधायक रुद्रनील घोष ने स्पष्ट किया कि बाजार के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प की प्रक्रिया में किसी भी दुकानदार या व्यवसायी को उजाड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य उच्छेद करना नहीं, बल्कि पुनर्वासन है।" उपलब्ध सरकारी जमीन को चिह्नित कर वहां दुकानदारों के पुनर्वासन के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मुख्य सड़क पर गाड़ियों का दबाव कम होगा। फिलहाल सर्वे का काम जारी है और दुर्गा पूजा के पहले व बाद में निर्माण कार्य में तेजी लाने का लक्ष्य रखा गया है। कदमतला के साथ पूरे हावड़ा के बुनियादी ढांचे को चरणबद्ध तरीके से सुधारा जाएगा।