निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा बस स्टैंड परिसर स्थित 'होटल सेंचुरी' के मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हावड़ा कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गोलाबाड़ी थाना पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त रमेश जायसवाल और उसका साथ देने वाले हावड़ा नगर निगम के कर्मचारी सुदर्शन जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू की है। साथ ही इस ओर भी जांच की जा रही है कि अभियुक्तों के साथ और कौन-कौन इस अवैध काम में लिप्त हैं।
झूठी शिकायत कर 50 लाख रंगदारी मांगने का आरोप
हावड़ा कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित होटल मालिक आशीष कपूर ने गोलाबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करवायी है। उसका आरोप है कि रमेश जायसवाल ने उनके होटल के एक हिस्से को अवैध निर्माण बताकर शिकायत की और कार्रवाई करवाने की धमकी दी थी। इसके बाद उसने मामला वापस लेने के बदले 50 लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने या पुलिस में जाने पर उसने आशीष कपूर को गोली मारने की भी धमकी दी। हालांकि, होटल मालिक का कहना है कि उन्होंने कोई अवैध निर्माण नहीं किया है। रंगदारी मांगने की पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
निगम कर्मी की मिलीभगत को लेकर आगे की जांच शुरू
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे गिरोह का नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था। पुलिस के अनुसार नगर निगम कर्मी सुदर्शन जायसवाल शहर में हो रहे नए निर्माणों की गुप्त जानकारी रमेश को उपलब्ध कराता था। इसके बाद रमेश व्यवसायियों को डरा-धमकाकर मोटी रकम वसूलता था।