निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा स्थित महेश भट्टाचार्य होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। एबीवीपी समर्थित छात्रों ने कॉलेज के प्राचार्य कक्ष के बाहर धरना देकर अपनी आवाज उठाई। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में पर्याप्त शिक्षक न होने के कारण उनकी नियमित कक्षाएं और पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा, अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए जरूरी उपकरण व मशीनें तो उपलब्ध हैं, लेकिन उन्हें संचालित करने के लिए पर्याप्त तकनीशियनों (लैब टेक्निशियन) की भारी कमी बनी हुई है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासनिक लापरवाही पर निराशा जताते हुए कहा कि लंबे समय से रिक्त पड़े इन पदों पर भर्तियां नहीं की गई हैं। उन्होंने प्राचार्य से मांग की है कि कॉलेज प्रशासन इस गंभीर समस्या से स्वास्थ्य भवन (स्वास्थ्य विभाग) को तुरंत अवगत कराए और जल्द से जल्द शिक्षकों व तकनीशियनों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करे। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।