सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

कार्यक्रम के नाम पर फर्जी पास बेचने वाला गिरोह पकड़ाया, दो गिरफ्तार

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: लिलुआ वर्कशॉप ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के नाम पर व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी प्रवेश पास बेचने वाले एक संगठित गिरोह का हावड़ा सिटी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर श्रद्धालुओं को नकली पास बेचने का आरोप है।

कसबा में छापेमारी, दो युवक गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 2 सितंबर 2026 को कोलकाता के कासबा थाना क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान आशिष झा (22), निवासी कासबा, कोलकाता और शुभम प्रसाद महतो (21), निवासी तिलजला, कासबा, को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि दोनों व्हाट्सऐप के माध्यम से कार्यक्रम के फर्जी प्रवेश पास तैयार कर उन्हें श्रद्धालुओं को बेच रहे थे। मामले में बेलूर थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

मुफ्त कार्यक्रम के नाम पर ठगी से सावधान रहने की अपील

पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क है। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा प्रवेश पास के बदले पैसे मांगना या पास बेचने की पेशकश करना संदेह का विषय है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनधिकृत व्हाट्सऐप नंबर या अन्य अप्रमाणित माध्यमों से मिले पास पर भरोसा न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

फर्जी पास गिरोह के पीछे सक्रिय अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT