सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा में तृणमूल विधायक के खिलाफ लगे 'लापता' होने के पोस्टर

खस्ताहाल सड़क को लेकर फूटा जन आक्रोश

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के धुलागढ़ इलाके में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब कई प्रमुख स्थानों पर सांकराइल की तृणमूल कांग्रेस विधायक प्रिया पाल के खिलाफ 'लापता' होने के पोस्टर चिपके नजर आए। पोस्टरों पर लिखा था— "सांकराईल की सड़कों का बुरा हाल, प्रिया पाल तुम कहां हो?" हालांकि, ये पोस्टर किसने लगाए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि धुलागढ़ शिवतला से टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क लंबे समय से बेहद जर्जर स्थिति में है। चुनाव से पहले इस मार्ग पर नाममात्र की मरम्मत कराई गई थी, जो मानसून की पहली ही बारिश में बह गई। वर्तमान में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का गंभीर खतरा बना हुआ है।

फंड मिलते ही शुरू होगा मरम्मत कार्य: विधायक प्रिया पाल

दूसरी ओर, अपने खिलाफ लगे पोस्टरों और आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक प्रिया पाल ने स्पष्ट किया कि वह कहीं नहीं गई हैं और अपने क्षेत्र में ही जनता के बीच मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क की स्थायी मरम्मत के लिए आवश्यक फंड अभी तक स्वीकृत नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस कार्य का आश्वासन दिया है और जैसे ही बजट मंजूर हो जाएगा, सड़क मरम्मत का काम तुरंत शुरू करा दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT