निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के रामराजातला से कोलकाता के धर्मतला के बीच चलने वाली 52 नंबर रूट की बस सेवा को बस मालिकों और ड्राइवर्स ने अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा बस पार्किंग पर 5 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाए जाने के विरोध में शनिवार से यह सेवा ठप है। इस हड़ताल के कारण हर दिन दफ्तर, स्कूल, कॉलेज और अपने गंतव्य तक जाने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अब ऑटो, टोटो और अन्य वैकल्पिक वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और यात्रा खर्च दोनों बढ़ गया है।
दुकानों के निर्माण से शुरू हुआ पार्किंग संकट और भारी जुर्माना
बस ड्राइवर्स और कर्मचारियों का कहना है कि वे किसी भी प्रकार का गैर-कानूनी काम नहीं कर रहे हैं। समस्या की शुरुआत पुराने बस स्टैंड परिसर में कुछ दुकानें बनने के बाद हुई, जिससे बसों को खड़ा करने की जगह कम पड़ गई। इस रूट पर चलने वाली कुल 19 बसों में से लगभग 16 बसों के लिए ही स्टैंड में जगह बचती है। शेष 3 से 5 बसों को जगह के अभाव में मजबूरीवश सड़क के किनारे या स्टैंड के बाहर खड़ा करना पड़ता है। बस कर्मियों का आरोप है कि पुलिस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के बजाय स्टैंड के बाहर खड़ी गाड़ियों पर चालान काट रही है।
प्रशासनिक बैठक से उम्मीद, स्थायी समाधान की मांग
बस मालिकों का स्पष्ट कहना है कि यदि इसी तरह लगातार मोटा जुर्माना लगाया गया, तो चालकों और कंडक्टरों के लिए आजीविका चलाना और बस सेवा जारी रखना असंभव हो जाएगा। इस गतिरोध को दूर करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा बस प्रतिनिधियों को थाने में चर्चा के लिए बुलाया गया है। बस चालकों को उम्मीद है कि बातचीत से कोई हल निकलेगा। हालांकि, बस मालिकों की मांग है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि प्रशासन 3 से 5 अतिरिक्त बसों के लिए किसी वैकल्पिक जगह पर स्थायी पार्किंग का पुख्ता इंतजाम करे, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।