सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा के विकास के लिए बड़ी योजनाओं की घोषणा

सांकराइल में 462 करोड़ से बनेगा जल शोधन केंद्र, मार्च तक जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम में वार्डों की संख्या 50 से बढ़ाकर 68 करने के साथ सरकार ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई अहम योजनाओं की घोषणा की है। विधानसभा में हावड़ा नगर निगम संशोधन विधेयक पारित होने के बाद नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने शहर के विकास का रोडमैप सामने रखा। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक ढांचे में बदलाव पर्याप्त नहीं है, बल्कि हावड़ा में सड़क, जलनिकासी, पेयजल और आवास जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है। मंत्री ने बताया कि सांकराइल में करीब 462 करोड़ रुपये की लागत से जल शोधन केंद्र तैयार करने का काम चल रहा है। योजना के तहत सितंबर तक पानी लेने की आधारभूत व्यवस्था तैयार करने और मार्च तक जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।


झुग्गीवासियों को लॉटरी के जरिए मुफ्त फ्लैट देने की योजना

इससे हावड़ा में पेयजल की समस्या दूर करने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए सरकारी-निजी भागीदारी के तहत बहुमंजिला आवास तैयार करने की योजना भी है। पात्र लोगों को लॉटरी के माध्यम से मुफ्त फ्लैट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया है। मंत्री ने सड़क और जलनिकासी व्यवस्था में दीर्घकालिक सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि हावड़ा की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्रों को देखते हुए नागरिक सुविधाओं का ढांचा भी उसी अनुपात में विकसित करना होगा। 68 वार्डों वाली नई व्यवस्था में इन योजनाओं को जमीन पर उतारना सरकार के सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी।

SCROLL FOR NEXT