हावड़ा के पूजा पंडालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते सीपी अखिलेश चर्तुवेदी, साथ हैं ज्वाइंट सीपी गौरव लाल, डीसीपी सेंट्रल तौसीफ अली अजहर व अन्य अधिकारी 
टॉप न्यूज़

हावड़ा : दुर्गापूजा से पहले पुलिस अधिकारियों ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण

सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को हावड़ा के सीपी अखिलेश चतुर्वेदी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट सीपी गौरव लाल, डीसीपी सेंट्रल तौसीफ अली अजहर, डीसीपी ट्रैफिक मजीद इकबाल खान, डीसीपी हेडक्वार्टर चंदन घोष और संबंधित थानों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूजा मंडपों में प्रवेश और निकास के रास्ते, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन तथा सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों की समीक्षा की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस टीम ने पंडालों में अग्नि सुरक्षा के प्रबंधों को भी देखा। साथ ही पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को मौके पर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। सीपी ने कहा कि हावड़ा पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। हावड़ा सिटी पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आनंद लेने की अपील करते हुए सुरक्षित और आनंदमय दुर्गापूजा सुनिश्चित करने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT