हावड़ा में शुरू हुआ 'फीडिंग जोन' 
टॉप न्यूज़

हावड़ा में शुरू हुआ 'फीडिंग जोन', राहगीरों को गंदगी और विवाद से मिलेगी राहत

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दुर्गापूजा के पावन अवसर पर हावड़ा शहर को स्वच्छ, सुंदर और विवादमुक्त बनाने की दिशा में हावड़ा नगर निगम (एचएमसी) ने एक अनूठी व संवेदनशील पहल की है। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निगम ने शहर में आवारा कुत्तों के लिए विशेष 'फीडिंग जोन' (Dynamic Feeding Zone) की शुरुआत की है। पशु प्रेमियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में सरकारी स्तर पर इस तरह की यह पहली पहल है। प्रारंभिक परीक्षण के तौर पर हावड़ा के सरत सदन परिसर के बंगबासी गेट के पास पहला फीडिंग जोन बनाया गया है, जबकि दूसरा मुख्य निगम परिसर के भीतर बनाने की योजना है। अब पशु प्रेमियों को इन्हीं चिन्हित स्थलों पर ही भोजन देना होगा।

सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी और विवादों पर लगेगी लगाम

अक्सर सड़कों, फुटपाथों और पार्कों में भोजन डालने से बची हुई सामग्री से फैलती गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय निवासियों तथा पशु प्रेमियों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति पैदा हो जाती थी। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से जहां एक ओर त्यौहारी सीजन में शहर साफ-सुथरा रहेगा, वहीं पशु प्रेमियों को भी विरोध का सामना नहीं करना पड़ेगा। 'पशम हावड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट' के सचिव शैलेश उपाध्याय समेत स्थानीय पशु प्रेमियों ने निगम के इस कदम का स्वागत किया है और भोजन कराने के बाद स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT