निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : आगामी दुर्गापूजा में दर्शनार्थियों को दर्शन के दौरान कोई परेशानी न हो, इसके लिए हावड़ा सिटी पुलिस ने व्यापक सहूलियत योजना तैयार की है। इस क्रम में पुलिस ने तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने साउथ डिवीजन, सेंट्रल, नॉर्थ डिवीजन और हावड़ा थाने में स्थानीय पूजा आयोजकों तथा प्रशासनिक एजेंसियों के साथ समन्वय बैठकें कीं। इन बैठकों में राज्य मंत्री उमेश राय, शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष, बाली के विधायक संजय सिंह, जगतबल्लभपुर के विधायक अनुपम घोष, डीसीपी गणेश विश्वास, डीसीपी अमलान कुसुम घोष, एसीपी व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठकों में भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन सुरक्षा और बिजली व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आम जनता की सहूलियत से जुड़े अहम फैसले लिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर ट्रैफिक जाम न लगे और लोग आसानी से पंडालों तक पहुंच सकें, इसके लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और सुगम मार्ग व्यवस्था को लागू किया जायेगा।
अग्निशमन, निर्बाध बिजली और आपातकालीन सुरक्षा की गारंटी
पुलिस की ओर से बताया गया कि दर्शनार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस, फायर ब्रिगेड, सीईएससी और पूजा कमेटियां मिलकर काम करेंगी। पंडालों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति, आग से बचाव के कड़े मानक और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की तैनाती रहेगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) भी तैनात रहेंगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए इस पावन पर्व का सुरक्षित और सुचारू रूप से आनंद लें।