सांकेतिक फोटो  
टॉप न्यूज़

हावड़ा के चटर्जीहाट में नाबालिगों को बंधक बनाकर डकैती

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के चटर्जीहाट इलाके में एक व्यस्त बाजार के पीछे स्थित चार मंजिला मकान में हुई दुस्साहसिक डकैती की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक फ्लैट में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के बड़े सदस्य मौजूद नहीं थे। उसी दौरान पास के एक मंदिर में पूजा के आयोजन को लेकर लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। आरोप है कि इसी भीड़ का फायदा उठाकर तीनों बदमाश चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहनकर फ्लैट में दाखिल हो गए। घर में मौजूद 17 वर्षीय किशोर और 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के सिर पर कथित रूप से आग्नेयास्त्र तानकर बदमाशों ने उन्हें डराया और अलमारी की चाबी हासिल कर ली।

अभियुक्तों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

इसके बाद उन्होंने काफी देर तक घर की तलाशी ली और अलमारी से सोने के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में घर से 100 ग्राम से अधिक सोने के आभूषण और करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग काफी भयभीत हैं। सूचना मिलने के बाद चटर्जीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में बदमाशों ने किस तरह वारदात को अंजाम दिया और वे किस रास्ते से फरार हुए।

SCROLL FOR NEXT