निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: अपनी नई दुकान का उद्घाटन करने और उसे पूरी तरह सजाने की चाहत में एक युवक ने बेहद हैरान करने वाला कदम उठा डाला। पैसे की तंगी के चलते उसने उद्घाटन की पूर्व संध्या पर पड़ोस की ही एक दुकान में सेंध लगाकर 3 लाख रुपये से अधिक की चोरी कर ली। हालांकि, वह पुलिस की नजरों से बच नहीं सका और अब सलाखों के पीछे है। यह अजीबोगरीब घटना हावड़ा के बागनान इलाके की है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम शेख सानगीर उर्फ जहांगीर है, जो मूल रूप से राजापुर थाना क्षेत्र के बाणीबन जगदीशपुर का निवासी है। वह पिछले कुछ महीनों से बागनान में रह रहा था और उसने वहां एक खाने की दुकान (फूड शॉप) खोली थी। सोमवार को दुकान का उद्घाटन होना था, लेकिन हाथ में पैसे न होने के कारण उसने रविवार रात को पड़ोसी दुकान की पिछली दीवार तोड़कर तिजोरी से 3 लाख 12 हजार रुपये उड़ा दिए।
युवक ने पड़ोस की दुकान से उड़ाए 3 लाख; गिरफ्तार
चोरी के पैसों से उसने अपनी दुकान के लिए फ्रिज और अन्य जरूरी सामान भी खरीद लिया। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर बागनान थाना पुलिस ने सिसिटीवी (CCTV) फुटेज खंगालकर बुधवार रात को आरोपी को बागनान बस स्टैंड से दबोच लिया। उल्वेरिया कोर्ट ने आरोपी को 5 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा है और पुलिस चोरी की बाकी रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है।