फाइल फोटो  REP
टॉप न्यूज़

आंदुल रोड पर टोटो बंद होने से बढ़ी परेशानी!

सीमित बस सेवा भी नहीं बन पा रही उचित विकल्प

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : दक्षिण हावड़ा के आंदुल रोड पर टोटो सेवा बंद होने से आसपास के विस्तृत इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। महीने की शुरुआत से आंदुल रोड पर टोटो को चलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे बकुलतला, हांसखालीपोल, चुनाभाटी और मौड़ीग्राम समेत कई इलाकों के लोगों के लिए रोजमर्रा का सफर मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले टोटो ही सबसे सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन था। कार्यालय, बैंक, बाजार और कार्यस्थल जाने वाले लोग इसी पर निर्भर रहते थे। आंदुल रोड के दोनों छोर पर निजी अस्पताल भी हैं, इसलिए मरीजों और उनके परिजनों के लिए टोटो की सुविधा बेहद महत्वपूर्ण थी। अब उन्हें वैकल्पिक साधनों के लिए अधिक समय और खर्च करना पड़ रहा है।

टोटो चालकों ने किया विरोध

स्थानीय निवासियों का कहना है कि आंदुल रोड पर सीधी बस सेवा भी कम हो गई है। दूरगामी बसें भी सीमित संख्या में चलती हैं। ऐसे में बकुलतला या चुनाभाटी तक बस से पहुंचने के बाद आगे का सफर करना यात्रियों के लिए चुनौती बन गया है। बुजुर्ग पेंशनरों और अस्वस्थ लोगों की समस्या और गंभीर है। महिलाओं को भी बस नहीं मिलने पर लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। साथ ही टोटो सेवा बंद होने से चालकों में भी नाराजगी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दो दिन पहले चालकों ने विरोध में सड़क अवरोध किया था, जिसे पुलिस ने हटाया। एक टोटो चालक का कहना है कि सेवा बंद होने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। दक्षिण हावड़ा की विधायक नंदिता चौधरी ने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन संभावना है कि पुलिस के निर्देश पर टोटो का परिचालन रोका गया है।

SCROLL FOR NEXT