टॉप न्यूज़

पैरा शिक्षकों का मानदेय बढ़ा, कल से होगा लागू

पैरा शिक्षकों का मानदेय बढ़कर हुआ 16,941 रुपये

Munmun Thakur

3 श्रेणियों के मानदेय में हुई बढ़ोतरी

उच्च प्राथमिक पार्श्व शिक्षकों का मानदेय बढ़कर 20,523 रुपये हुआ

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के स्कूलों से जुड़े संविदा कर्मियों और शिक्षकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। स्कूल शिक्षा विभाग के प्लानिंग एंड बजट ब्रांच द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, पैरा शिक्षक, शिक्षाबंधु और एसएसके-एमएसके कर्मियों समेत कुल 13 श्रेणियों के मानदेय में बढ़ोतरी कर दी गई है। यह बढ़ा हुआ मानदेय आगामी 1 अक्टूबर यानी आज से प्रभावी हो जाएगा, जिससे हजारों कर्मियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

उच्च प्राथमिक शिक्षकों का मानदेय बढ़कर 20,523 रुपये हुआ

सरकारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक स्तर के पैरा शिक्षकों का मासिक मानदेय 11,941 रुपये से बढ़ाकर सीधे 16,941 रुपये कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर, उच्च प्राथमिक स्तर के पैरा शिक्षकों का मानदेय 15,523 रुपये से बढ़ाकर 20,523 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, शिक्षा बंधुओं का मानदेय 9,954 रुपये से बढ़ाकर 14,954 रुपये और विशेष शिक्षकों का मानदेय 14,924 रुपये से बढ़ाकर 19,924 रुपये तय कर दिया गया है। सरकार के इस कदम से इन शिक्षकों की आर्थिक स्थिति में सुधार आने की पूरी संभावना है।

सुपरवाइजरों और शिक्षकों का भी बढ़ा मानदेय

इस वित्तीय संशोधन के तहत एसएसके के सहायकों और सहायिकाओं को अब 16,941 रुपये मिलेंगे, जबकि एमएसके के प्रसारकों और प्रसारिकाओं का मानदेय बढ़ाकर 20,523 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा मुख्य प्रसारकों का मानदेय 16,178 रुपये से बढ़ाकर 22,178 रुपये कर दिया गया है। साथ ही अकादमिक सुपरवाइजर, जिला गुणवत्ता प्रबंधक, डीईओ, उच्च माध्यमिक स्तर के अंशकालिक संविदा शिक्षकों और पीएम-पोषण के शिक्षा सुपरवाइजरों के वेतन में भी 5,000 से 6,000 रुपये तक की अच्छी खासी बढ़ोतरी की गई है।

SCROLL FOR NEXT