टॉप न्यूज़

5 जनवरी से शुरू होगी हॉकी इंडिया लीग

महिला वर्ग में दो नई टीमें

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया लीग का अगला सत्र 5 जनवरी 2026 से शुरू होगा जिसमें महिला वर्ग में दो नयी टीमें जुड़ेंगी जिससे महिला वर्ग में 6 और पुरूष वर्ग में 8 टीमें भाग लेंगी। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने बताया कि हीरो हॉकी इंडिया लीग के लिए इस बार 5 जनवरी से विंडो है ताकि विदेशी खिलाड़ी क्रिसमस मनाकर आराम से यहां खेलने आ सके। पिछली बार टूर्नामेंट 28 दिसंबर से शुरू हुआ था जिसे एक हफ्ते के लिए आगे बढाया गया है।

निलामी के लिए 20 अगस्त तक होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन : 7 साल बाद बहाल हुई लीग के पहले सत्र में एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए आवेदन दिये थे। हॉकी इंडिया ने सोमवार को ही खिलाड़ियों के लिये आनलाइन रजिस्ट्रेशन विंडो खोली है जो 20 अगस्त तक खुली रहेगी। भोलानाथ ने यहां एमिटी यूनिवर्सिटी आनलाइन के साथ हॉकी खिलाड़ियों के लिए स्कॉलरशिप को लेकर एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कार्यक्रम से इतर यह भी कहा कि महिला वर्ग में दो नयी टीमें अगले सत्र में खेलेंगी जिनकी घोषणा जल्दी ही की जायेगी। वेन्यू के बारे में बात चल रही है। सभी पक्षों से बात करके तय किया जाएगा कि कितने शहरों में मैच कराने हैं और वे कौन से शहर होंगे।

पाकिस्तान ने आखिरी बार वर्ष 2023 में लिया था हिस्सा : पाकिस्तान हॉकी टीम ने आखिरी बार 2023 में भारत में एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भाग लिया था जो चेन्नई में खेली गई थी। पाकिस्तानी टीम भुवनेश्वर में 2014 चैम्पियंस ट्रॉफी, 2018 विश्व कप और 2021 जूनियर विश्व कप खेल चुकी है। लखनऊ में 2016 जूनियर विश्व कप में वीजा दिक्कतों के कारण पाकिस्तान ने भाग नहीं लिया था जिसके बाद मलेशिया को उतारा गया था। इस मसले पर एशियाई हॉकी महासंघ के रूख के बारे में पूछने पर इसके उपाध्यक्ष भोलानाथ ने कहा कि मैं एएचएफ का उपाध्यक्ष हूं और हॉकी इंडिया का महासचिव भी लेकिन पद और बाकी चीजें एक तरफ है, देश और सरकार के दिशा निर्देश सर्वोपरि है। इससे पहले पाकिस्तान हॉकी महासंघ के सूत्रों के अनुसार पीएचएफ ने विश्व कप के लिये क्वालीफायर इस टूर्नामेंट में अपनी टीम भेजने की इच्छा जताई है । पाकिस्तान 2023 में भारत में आयोजित पिछले विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया था।

SCROLL FOR NEXT