रेडियोलॉजिस्ट नियुक्ति में अनियमितता का आरोप
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : हिंदू राष्ट्रीय शक्ति, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के अध्यक्ष राकेश्वर लाल एवं युवा अध्यक्ष अंशुमान रॉय ने जीबी पंत अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति और रिपोर्टिंग को लेकर भारी अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी सूची में डॉ. भीम बहादुर को विशेषज्ञ पद के लिए “इनएलिजिबल” घोषित किया गया था, इसके बावजूद उन्हें रेडियोलॉजी से जुड़े कार्यों में रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पताल में पहले से दो एमडी रेडियोलॉजिस्ट — डॉ. चारू गुप्ता और डॉ. शमी सुदर्शन — कार्यरत हैं, तो फिर एक मेडिकल ऑफिसर से सीटी स्कैन और एमआरआई की रिपोर्ट क्यों तैयार करवाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में कई शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रशासन मौन बना हुआ है। युवा अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा निदेशालय और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह चिकित्सा विज्ञान संस्थान के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। उनका कहना था कि अस्पताल में दवाओं की कमी, स्टाफ की कमी और आपातकालीन सेवाओं में अव्यवस्था जैसे मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। संगठन ने यह भी मांग की कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट के पद पर योग्य और पात्र वरिष्ठ चिकित्सक की नियुक्ति की जाए, ताकि जनरल अस्पताल का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके। अध्यक्ष ने कहा कि अंडमान के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना उनका अधिकार है और इस मुद्दे पर अब चुप नहीं बैठा जाएगा। हिंदू राष्ट्रीय शक्ति ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर योग्य डॉक्टरों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।