टॉप न्यूज़

लद्दाख में ‘हिमालयी आईबेक्स’ को बचाया गया

वन्यजीव विभाग और पुलिस के संयुक्त अभियान में 4 शिकारी गिरफ्तार

लेह : केंद्रशासित लद्दाख के लेह और करगिल जिले को जोड़ने वाले एक सुदूरवर्ती इलाके में गोली लगने से घायल एक ‘हिमालयी आईबेक्स’ को बचाया गया और चार शिकारियों को गिरफ्तार किया गया।

कांजी गांव के पास शिकारियों ने हिमालयी आईबेक्स को गोली मारी

पुलिस ने बुधवार को बताया कि 28 मार्च को वन्यजीव विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया था। ‘हिमालयी आईबेक्स भारत में पायी जाने वाली सबसे बड़ी जंगली बकरी है। खालत्से के थाना प्रभारी (एसएचओ) जामयांग नामगियाल ने बताया कि 28 मार्च को लेह शहर से लगभग 140 किलोमीटर दूर कांजी गांव में त्सिबस्कयांगचन के पास शिकारियों ने हिमालयी आईबेक्स को गोली मार दी थी।

पशु के आगे के पैर टूटे हुए पाये गये

उन्होंने कहा कि पशु के आगे के पैर टूटे हुए पाये गये और इसे सफलतापूर्वक बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान चार शिकारियों को भी गिरफ्तार किया गया और अपराध में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि पशु को लेह स्थानांतरित कर दिया गया है और वहां उसका इलाज किया जा रहा है। 

SCROLL FOR NEXT