पुराने एडमिट कार्ड से भी दे सकेंगे परीक्षा
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : वेस्ट बंगाल हायर सेकेंडरी एजुकेशन काउंसिल ने 21 सितंबर से शुरू होने वाले थर्ड सेमेस्टर के एग्जाम रूटीन में एक बार फिर बदलाव कर दिया है। एग्जाम से ठीक 6 दिन पहले करम पूजा के कारण यह संशोधन किया गया है, जबकि इससे पहले उपचुनाव के चलते भी शेड्यूल बदला गया था। काउंसिल द्वारा जारी नए नोटिफिकेशन के मुताबिक 22 सितंबर को होने वाले सभी वोकेशनल सब्जेक्ट्स के एग्जाम अब 13 अक्टूबर के दूसरे हाफ में दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इस बदलाव से हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल, आईटी, टूरिज्म, एग्रीकल्चर और बैंकिंग समेत कई वोकेशनल विषयों के छात्र प्रभावित होंगे। परीक्षा शेड्यूल में बार-बार हो रहे बदलाव के कारण छात्रों को नया एडमिट कार्ड फिर से जारी किया जाएगा। हालांकि, यदि नया एडमिट कार्ड समय पर नहीं मिलता है, तो छात्र पुराने एडमिट कार्ड के साथ भी परीक्षा केंद्र जा सकते हैं और बाद में स्कूल से नया कार्ड प्राप्त कर सकेंगे।
एक नजर परीक्षा शेड्यूल और तारीखों पर
संशोधित रूटीन के अनुसार थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच होंगी। प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं: 21 सितंबर को फर्स्ट लैंग्वेज, 25 सितंबर को इकोनॉमिक्स, 28 सितंबर को फिजिक्स, 29 सितंबर को कंप्यूटर साइंस, 30 सितंबर को हिस्ट्री, 1 अक्टूबर को केमिस्ट्री, 3 अक्टूबर को फिलॉसफी, 12 अक्टूबर को मैथेमेटिक्स, 13 अक्टूबर को साइबर सिक्योरिटी व वोकेशनल और 14 अक्टूबर को बायोलॉजिकल साइंस की परीक्षा होगी। सभी को नए शेड्यूल से तैयारी के निर्देश हैं।