टॉप न्यूज़

OMR शीट पर होगा हायर सेकेंडरी तीसरा सेमेस्टर की परीक्षा

OMR शीट भरते समय इन बातों का विशेष रखें ध्यान

Munmun Thakur

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हायर सेकेंडरी का तीसरा सेमेस्टर आगामी 21 सितंबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार परीक्षा नोटबुक और पेन के बजाय ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन यानी OMR शीट पर होगी। चूंकि स्कूली स्तर पर छात्रों को OMR शीट पर परीक्षा देने का अभ्यास नहीं होता, इसलिए इसे बहुत सावधानी से भरना अनिवार्य किया गया है। ज्यादातर विषयों की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक यानी 1.30 घंटे की होगी, जबकि संगीत, विजुअल आर्ट्स और 16 वोकेशनल विषयों समेत कुल 18 विषयों की परीक्षा दोपहर 2 से 1 घंटे की रहेगी। परीक्षार्थियों को सुबह 10 बजे तक सेंटर पहुंचकर परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले अपनी सीट ग्रहण करनी होगी।

OMR शीट भरने के कड़े नियम और निर्देश

जवाब केवल नीले या काले बॉलपॉइंट पेन से ही भरने होंगे। पेंसिल, जेल पेन या अन्य रंग की इंक का इस्तेमाल वर्जित है। आधा रंगा हुआ विकल्प, टिक मार्क या एक ही जगह बार-बार इंक लगाने पर कोई अंक नहीं मिलेगा। OMR शीट को मोड़ा नहीं जा सकता। छात्रों को रजिस्ट्रेशन, रोल और क्वेश्चन बुक नंबर के साथ OMR शीट पर दी गई चार सीरीज में से अपनी सही सीरीज के आगे की खाली जगह को भी भरना होगा।

सुरक्षा और परीक्षा रद्द होने के मुख्य कारण

पारदर्शिता के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में सेक्शन 184 लागू रहेगा और आसपास की कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने, उनके गलत इस्तेमाल या OMR शीट पर कुछ भी गलत लिखने पर परीक्षार्थी का एनरोलमेंट तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। साथ ही, संभावित बारिश और प्राकृतिक आपदाओं को लेकर भी जरूरी प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं।

SCROLL FOR NEXT