टॉप न्यूज़

सहकारिता विवाद, हाई कोर्ट के सामने खुदकुशी की कोशिश

पुलिस की सक्रियता के कारण टला हादसा

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दो महिलाओं के साथ आयी एक महिला ने हाई कोर्ट के ई गेट के पास शरीर पर केरोसिन तेल छिड़क कर खुदकुशी करने की कोशिश की। माचिश की तिली जलाने से पहले ही पुलिस वालों ने उसे पकड़ लिया। इस तरह वहां मौजूद पुलिस वालों की सक्रियता के कारण हादसा घटते घटते टल गया। पुलिस वाले उसे पहले एसएसकेएम अस्पताल ले गए। इसके बाद हेयर स्ट्रीट थाने में लाकर उससे पूछताछ की गई।

यह घटना सुबह ग्यारह बजे के आसपास घटी। मिली जानकारी के मुताबिक पुर्णिमा हालदार ई गेट पर सुतिष्णा सापुई और बंदना नस्कर के साथ पहुंची थी। रोजाना की तरह गेट पर भीडभाड़ लगी थी। अचानक पुर्णिमा ने केरोसिन तेल से भरा एक बोतल निकाला और अपने शरीर पर छिड़क लिया। इसके बाद उसने तीली लगाने की कोशिश की थी। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और भारी भीड़ लग गई। पुलिस वालों ने पुर्णिमा सहित बाकी दोनों महिलाओं को एंबुलेंस में उठाया और एसएसकेएम के लिए रवाना हो गए। ये दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर की आमगछिया सृष्टि संघ प्राथमिक बहुमुखी समवाय समिति की सदस्य हैं। इस समिति का गठन 1971 में किया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले हुए चुनाव में मतदाता सूची से उनका नाम बाद कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने हाई कोर्ट में एक रिट दायर की थी। हाई कोर्ट ने मतदाता सूची में उनका नाम शामिल करते हुए नये सिरे से मतदाता सूची बनाये जाने का आदेश दिया था। इस पर अमल नहीं किया गया। कुछ मिनटों के इस हादसे में एक महिला ने बताया कि वे कंटेंप्ट पीटिशन दायर करने की हैसियत में नहीं है इसलिए विरोध जताने को यह फैसला लिया था। इसके साथ ही उन्होंने इस सहकारिता समिति के खिलाफ बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि ऊंची दर पर ब्याज देने का लालच दिखाते हुए लोगों से पैसा जमा कराया गया और अब उसे वापस नहीं किया जा रहा है। अलबत्ता उन्होंने इस बाबत कोई दस्तावेज नहीं दिखाया। यह मुमकिन भी नहीं था क्योंकि बमुश्किल दस पंद्रह मिनट में ही यह सब कुछ घट गया।


SCROLL FOR NEXT