टॉप न्यूज़

डिविजन बेंच ने खारिज की शेख शाहजहां की अपील

हत्या के मामले की सीबीआई जांच जारी रहेगी

Jitendra Singh

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : हाई कोर्ट के जस्टिस देवांशु बसाक और जस्टिस प्रशेनजीत विश्वास के डिविजन बेंच ने संदेशखाली के शेख शाहजहां की अपील को खारिज कर दिया। डिविजन बेंच ने फैसले को सुनवायी के बाद आरक्षित कर लिया था। डिविजन बेंच ने सोमवार को अपना फैसला सुनाया। डिविजन बेंच ने अपने फैसले में कहा है कि शेख शाहजहां के खिलाफ हत्या के मामले की सीबीआई जांच जारी रहेगी।

यहां गौरतलब है कि जस्टिस जय सेनगुप्त ने इस मामले की जांच करने का आदेश सीबीआई को दिया था। इसके साथ ही इसके लिए एक सिट गठन करने का आदेश भी दिया था। जस्टिस सेनगुप्त के फैसले के खिलाफ डिविजन बेंच में अपील की गई थी। शेख शाहजहां के खिलाफ तीन लोगों की हत्या का आरोप है। यह घटना संदेशखाली में 2019 में घटी थी। प्रदीप मंडल और सुखेन मंडल की हत्या कर दी गई थी। जबकि देवदास मंडल की लाश अभी तक नहीं मिल पायी है। आरोप है कि शाहजहां के नेतृत्व में उसके गुर्गो ने हमला किया था। एफआईआर में शेख शाहजहां का नाम था लेकिन सीआईडी ने चार्जशीट से नाम का बाहर कर दिया था। इसके खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करते हुए सीबीआई जांच का आदेश देने की अपील की गई थी। जस्टिस सेनगुप्त ने सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

SCROLL FOR NEXT