वन विभाग, पुलिस और स्थानीय मछवारों की त्वरित कार्रवाई से सभी सुरक्षित
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : मायाबंदर के समीप मंगलवार एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब एक हेलीकॉप्टर मायाबंदर पहुंचने से पहले समुद्र में क्रैश लैंडिंग कर गया, लेकिन वन विभाग, पुलिस कर्मियों और स्थानीय मछवारों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बचा ली गई। हेलीकॉप्टर में पायलट और सह-पायलट सहित कुल सात लोग सवार थे। इनमें पांच यात्री थे, जिनमें तीन महिलाएं शामिल थीं। पूर्व प्रमुख मायाबंदर अब्दुल सिद्दीकी ने सन्मार्ग को बताया कि पवन हंस हेलीकॉप्टर की समुद्र में आपात लैंडिंग के तुरंत बाद वन विभाग के तीन डीआरएम और एक पीएमएफ स्टाफ सदस्य, जो इंटरव्यू आइलैंड की ओर जा रहे थे, ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि सात महीने के शिशु सहित सभी पांच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित बड़ी जनहानि टल गई। घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने वालों में सॉ थॉमस (वन डीआरएम), सॉ मनाशे (वन डीआरएम), सॉ सकारी (वन डीआरएम) तथा कार्तिक (पीएमएफ स्टाफ, पुलिस विभाग) शामिल थे। स्थानीय स्तर पर उनकी सतर्कता, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता की सराहना की जा रही है।