File Photo  
टॉप न्यूज़

हेलिकॉप्टर हादसा टला, ममता ने की राष्ट्रपति की सलामती की दुआ

केरल में राष्ट्रपति मुर्मू के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

कोलकाता: केरल दौरे पर गईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उस समय बाल-बाल बची गयीं जब बुधवार की सुबह शबरीमाला मंदिर जाते समय पठानमथिट्टा जिले के प्रामदम स्टेडियम में उनके हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड का एक हिस्सा धंस गया। इससे हेलिकॉप्टर असंतुलित हो गया।

हालांकि, समय रहते मौके पर मौजूद पुलिस और दमकलकर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया और हेलिकॉप्टर को हाथों से धकेलकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर ईश्वर को धन्यवाद दिया और राष्ट्रपति की लंबी उम्र की कामना की।

उन्होंने लिखा, 'ईश्वर को धन्यवाद कि केरल यात्रा के दौरान आज सुबह हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक बड़े हादसे में बाल-बाल बच गईं। मैं उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती हूं।' मंगलवार की शाम राष्ट्रपति मुर्मू केरल के चार दिवसीय दौरे पर तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं, जहां मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उनका स्वागत किया।

बुधवार को वे शबरीमाला मंदिर जाने के लिए हेलिकॉप्टर से पठानमथिट्टा रवाना हुई थीं, तभी यह घटना हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे सुरक्षाबलों ने सतर्कता दिखाते हुए हेलिकॉप्टर को सुरक्षित किया। राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और दौरा जारी है।

SCROLL FOR NEXT