दक्षिण बंगाल में बदला मानसून का मिजाज
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : रविवार की सुबह होते ही आसमान ने ऐसा रंग बदला कि लोगों को अचानक मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का एहसास हो गया। सुबह से ही कोलकाता और आसपास के जिलों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर जलभराव हो गया। धर्मतला, सियालदह, बेहाला और कई अन्य इलाकों में जलभराव की तस्वीरें सामने आईं, जबकि बाली अंडरपास में पानी का स्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया। इस बारिश ने पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत भी दी।
अगले कई दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवाएं दक्षिण बंगाल की ओर आ रही हैं। इस कारण अगले 4 से 5 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना समेत अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जबकि रविवार को न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार से तेज हो सकती है बारिश की गतिविधि
सोमवार और मंगलवार को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि बुधवार से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में फिर से गरज-चमक और बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। दक्षिण बंगाल में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय दिखाई दे रहा है।
उत्तर बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश जारी है। जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरदुआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ दिनों की राहत के बाद सप्ताहांत में यहां बारिश तेज हो सकती है।
7 दिन का मौसम पूर्वानुमान
तारीख - मौसम
22-23 जून - हल्की-मध्यम बारिश व थंडरशॉवर
23-24 जून - छिटपुट बारिश, बादल
24-25 जून - बारिश की गतिविधि बढ़ेगी
25-26 जून - मध्यम बारिश, गरज-चमक
26-27 जून - हल्की बारिश संभव
27-28 जून हल्की बारिश, मौसम शांत