तिरुवनंतपुरम : केरलम के छह जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है और सोमवार-मंगलवार को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह सात बजे पत्तनमथिट्ठा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्णाकुलम और त्रिशूर जिलों में तीन घंटे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब है कि 24 घंटे में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि इन जिलों में कुछ जगहों पर बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे के वेग से तेज हवाओं के साथ गरज और बारिश की अत्यधिक संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि कोल्लम, पलक्कड़ और कन्नूर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस बीच, मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने अधिकारियों को राज्य में बारिश की स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार रात जारी एक बयान में कहा गया कि आपदा प्रबंधन आयुक्त विग्नेश्वरी ने स्थिति का आकलन करने के लिए इडुक्की और कोट्टायम जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। बयान में कहा गया कि इडुक्की और कोट्टायम जिलों में एसएमएस अलर्ट जारी किए गए हैं और जिलाधिकारियों को हालात का जायजा लेने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने समेत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार शाम राज्य में हुई भारी बारिश के कारण इडुक्की और कोट्टायम जिलों में भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।
अचानक बाढ़ में मरने वालों की संख्या पांच हुई
मलप्पुरम : मलप्पुरम जिले के निलांबुर में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान फिर शुरू करने के दौरान सोमवार को तीन और शव बरामद किए गए जिससे इस घटना में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रविवार शाम निलांबुर के टीके नगर में अचानक आई बाढ़ में छह लोग बह गए थे। घटनास्थल पर मौजूद राजस्व मंत्री ए. पी. अनिलकुमार ने बताया कि रविवार रात दो शव बरामद किए गए थे और सोमवार सुबह तलाश अभियान फिर शुरू होने के बाद तीन और शव मिले।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात बरामद किए गए शवों की पहचान तिरूर निवासी परन्नापरंबन मोहम्मद कुट्टी (69) और एडारीकोड निवासी मंगदान अनस (32) के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह तलाश के दौरान करूवरकुंडू निवासी रहीम, वंडूर निवासी कुप्पनाथ सज्जाद तथा कोट्टाकुन्नू निवासी चेट्टियारम्मल कुरुप्पथ रफीक के शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, ये पांचों पर्यटक थे। स्थानीय निवासी सजिता (26) की तलाश जारी है। वह नदी के किनारे कपड़े धो रही थी और इसी दौरान तेज बहाव में बह गई। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं बचाव सेवा कर्मियों और स्थानीय निवासियों की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे फिर से तलाश अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण रविवार रात अभियान रोक दिया गया था।