टॉप न्यूज़

कोलकाता समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मंगलवार तक जारी रहेगा कम दबाव का प्रभाव

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और कम दबाव के नए क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल का मौसम पूरी तरह बदल गया है। अलीपुर मौसम कार्यालय और आईएमडी (IMD) के मुताबिक इस मौसमी प्रणाली के चलते दक्षिण बंगाल से लेकर उत्तर बंगाल तक मूसलधार बारिश और तूफानी हवाओं का दौर शुरू हो गया है, जिससे तटीय और पश्चिमी जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

बंगाल में फिर बदला मौसम, भारी बारिश ने बढ़ाई चिंता

शनिवार को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने से कोलकाता, हुगली और उत्तर 24 परगना में रविवार को भारी बारिश की संभावना है, जबकि हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में भी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज पूर्व और पश्चिमी मिदनापुर में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्व मिदनापुर के हल्दिया में सबसे अधिक 62 मिमी और दीघा में 37 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार के बाद इस मौसम प्रणाली के कमजोर पड़ने और बारिश में कमी आने की उम्मीद है। दक्षिण बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल में भी जलपाईगुड़ी जिले में भारी बारिश की संभावना है। खराब मौसम और समुद्र में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के कारण मौसम विभाग ने मछुआरों को सोमवार तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों तथा उत्तर बंगाल की खाड़ी में न जाने की कड़ी चेतावनी दी है।

SCROLL FOR NEXT