कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मौसम को लेकर उत्तर और दक्षिण हिस्सों में अलग-अलग स्थिति बनी हुई है। उत्तर बंगाल के कई जिलों में मंगलवार तक तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दक्षिण बंगाल में सोमवार के बाद बारिश बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के 5 जिलों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार शामिल हैं।
कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश होने की आशंका जताई गई है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं उत्तर बंगाल की नदियों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बनने की संभावना भी बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार के बाद उत्तर बंगाल में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।
दक्षिण बंगाल में फिलहाल बारिश की रफ्तार कम हुई है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। बढ़ती नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दोपहर के समय हवा में नमी की मात्रा 100 फीसदी तक पहुंच सकती है। बारिश नहीं होने की स्थिति में कोलकाता समेत गंगा किनारे वाले दक्षिण बंगाल के जिलों में असहजता सूचकांक काफी बढ़ सकता है। कुछ इलाकों में महसूस होने वाला तापमान 50 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण बन चुका है, जो धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है।
अनुमान है कि जुलाई की 2 या 3 तारीख तक यह निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद इसके जमीन की ओर बढ़ने की संभावना है। इसका असर गंगा के मैदानी दक्षिण बंगाल और तटीय जिलों के साथ-साथ बांग्लादेश तक देखने को मिल सकता है।