टॉप न्यूज़

कोलकाता में झमाझम बारिश का अलर्ट, एक हफ्ते तक खराब रहेगा मौसम

कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी; तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश की संभावना, मतदान के दिन भी असर

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज से अगले एक सप्ताह तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

दक्षिण बंगाल के कई जिलों—उत्तर 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान तथा बीरभूम—में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी लगातार आ रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम अस्थिर बना हुआ है। शनिवार तक दक्षिण बंगाल के ज्यादातर जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दिन भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। खासकर उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, बर्धमान और बीरभूम में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है, जहां हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है।

वहीं उत्तर बंगाल के जिलों—दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार—में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी तेज हवाएं चलने की संभावना है।

समुद्र में भी हालात खराब बने हुए हैं। पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट पर समुद्र उफान पर रह सकता है। मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

हालांकि बादल छाए रहने से गर्मी में थोड़ी राहत मिली है, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को अभी भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

SCROLL FOR NEXT