निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : बशीरहाट के हासनाबाद थाना अंतर्गत भेबिया ग्राम पंचायत के बोलदेपोता इलाके में घर के पास स्थित तालाब से दो महीने के मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पीड़ित मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के वक्त बच्चे के पिता काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे और घर पर केवल मां ही थी। पीड़ित मां का कहना है कि उन्होंने बच्चे को बरामदे में एक खाट पर सुलाया और कुछ देर के लिए शौचालय गईं। जब वह लौटी, तो बरामदे का गेट खुला था और खाट खाली थी।
बच्चे के अचानक गायब होने पर उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर हासनाबाद थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी खोजबीन के बाद घर के पास के तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। मां और परिजनों का दावा है कि दो महीने का बच्चा खुद चलकर तालाब तक नहीं जा सकता, इसलिए यह कोई हादसा नहीं बल्कि एक सोची-समझी क्रूर हत्या है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।