सांकेतिक फोटो  REP
टॉप न्यूज़

पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, शव फंदे से लटकाया

Nidhi Gupta

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल के हसनाबाद थाना अंतर्गत मुरारिशा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक गृहिणी, शकीला खातून की कथित तौर पर उसके पति इमाम हुसैन शेख ने पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कमरे के भीतर फंदे से लटका दिया गया ताकि यह आत्महत्या लगे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शकीला को महज 15 दिन पहले पता चला था कि उसके पति ने गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है और उस पक्ष से उसका एक बच्चा भी है। इस बात को लेकर दोनों के बीच भारी विवाद हुआ। विवाद के बाद शकीला अपने मायके चली गई थी, लेकिन 5 दिन पहले इमाम हुसैन उसे दोबारा अच्छे से रहने का वादा करके वापस ले आया। आरोप है कि घर लौटते ही फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई और अंततः उसकी जान ले ली गई।

मुरारिशा इलाके में सनसनी, आरोपी पति हत्या को आत्महत्या का रूप देकर हुआ फरार

शकीला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। मृतका की भाभी काबिरा बीबी ने आरोपी पति के लिए कड़ी सजा की मांग की है। हसनाबाद थाना पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बशीरहाट जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT