निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नवद्वीप: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच नदिया जिले के नवद्वीप से एक रूह कपा देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार सुबह विष्णुप्रिया हॉल्ट स्टेशन के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है।
शराब दुकान के पास मिला शव
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला का शव अप लाइन के किनारे घने जंगलों में पाया गया। शव के ठीक सामने एक देशी शराब की दुकान है। जब स्थानीय लोग सुबह चाय पीने के लिए बाहर निकले, तो उनकी नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला का शरीर अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे इलाके में बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस और आरपीएफ की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही नवद्वीप थाना पुलिस और आरपीएफ (RPF) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिला उस इलाके की नहीं है, जिससे संदेह गहरा गया है कि उसकी हत्या कहीं और करके शव को यहाँ ठिकाने लगाया गया है।
चुनाव के बीच बढ़ा तनाव
राज्य में 2026 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है, ऐसे में इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और शारीरिक शोषण की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल महिला की पहचान करने की कोशिशें जारी हैं।